मेरे बारे में इतना जान लेना काफ़ी है
कि मैं उनकी भड़ैती नहीं करता
कि मैं मंच पर उनका क़सीदा नहीं पढ़ता
कि मैं भटकाने वाले चुटकुलों के निर्माण की
कला नहीं जानता
कि मैं बुरे को चीख़ कर बुरा कहता हूँ
कि मैं उनकी टोपी पहनने से साफ़ इंकार करता हूँ
कि मैं दृश्य-अदृश्य कुर्सी से समझौता नहीं करता
और अपनी हिम्मत से खड़ा रहता हूँ
मैं जानता हूँ मुझे कोई एक दिन टपका देगा सरेआम
मैं इस तरह मरकर ही दुनिया में जीना चाहता हूँ।








