मैं इस पार जिन दोस्तों के सहारे हूँ
उनमें हैं नन्हे गुबरैले
मकड़ियाँ, दीमकें, जल-पक्षी
कुछ हरियाते पौधे, विहँसते फूल
और मछलियाँ और कछुए
रात में उन तारों को देखता हूँ जो
बने रहते हैं साथ और जगह नहीं बदलते
संत्रास के इन दिनों में कँटीली यादों के बीच
मैं समुद्र से उठते ज्वार को भीतर महसूस करता हूँ
और किनारे की सदियों पुरानी चट्टान हो जाना चाहता हूँ
मैं अपने देश के लिए ऐसा कुत्ता होना चाहता हूँ
जो बदलता नहीं अपना मालिक कभी
मैं एक बिक जाने वाले लेखक, पत्रकार के बरअक्स
बना रहना चाहता हूँ एक ऐसा लड़ाकू
जिसके सपनों में जलती है आज़ादी की लौ।








