जब तुम मेरे सम्मुख होती हो - कुँवर दिनेश

कुँवर दिनेशकुँवर दिनेश10 Sept 1973

5 min read · 12.4K reads


तुम मेरे सम्मुख हो
तुम मुझे देख रही हो
क्या देख रही हो तुम-
मेरे मुख को
जो दमक रहा है
तुम्हारे मुखमण्डल के
प्रत्याभ से;

देखो मेरे मस्तक को
जिस पर कान्ति है
तुम्हारे मस्तक की;

देखो मेरी आँखों को
जो देदीप्यमान हैं
तुम्हारी अक्षिमयूख से;

देखो मेरे कानों को
जो अब सुनने लगे हैं
उन शब्दों को भी
जो तुमने
एक लम्बे अंतराल से
रोक रखे हैं अपने मुंह में;

देखो मेरे अधरों को
जो कम्पायमान हैं
तुम्हारे अधरों की तरंगों से;

आभास लो
मेरी उष्णतर श्वास का
जो बना रही है सेतु
तुम्हारी श्वास तक।

देखो यह सब होता है
जब कभी तुम
मेरे सम्मुख होती हो

मैं हो जाता हूँ
प्रज्वलित,
कम्पित,
स्पंदित,
तरंगित,
मेरे कर्ण हो जाते हैं
सूक्ष्मश्रवा,
मेरी श्वास हो जाती है
उष्णतर,
और मैं हो जाता हूँ
पूर्णत: अशान्त, विचलित,
जब कभी तुम
मेरे सम्मुख होती हो।
कुँवर दिनेश
About the poet

कुँवर दिनेश

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like