लेकिन - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

10 min read · 12.4K reads

छोटपन में
खेलने में जादा लगा रहता
माई से आटा की चिरईं बनवाता, कबो, आजी से माटी की मूर्ति; पर आटा-माटी का
खेल कब तक, बिगड़ जाता निसहार हो जाता; ज़िद करता पिट जाता; तब फुआ ने
कपड़े की गुड़िया बनाकर दी, ई बताते, इसकी सेवा करोगो, बड़ होते
नोकरी मिलेगी; सुनर कनिया भी मिलेगी, जो तोहे बहुते
मानेगी; फिर क्या, नहाता नहवाता; खाता
एको दाना खिलाने की साध में
जतन करता; आजी
को तेल

लगाती माई से कहता
तनि हमको भी दो, इसको लगाना है; माई
एक-दु बूँद हाथ प दे देती; कबो लकठो खिलाने की रिगिर करता, आजी एक अँजुरी अनाज ले
दुकान से कीनवा देती, वह लकठो खाती न खाती, एक बार मुँह से छुआता ज़रूर; कबो लगता
ई जो गुड़ियावा, कितनी अच्छी, जी-भर बातें करता, हँसता, हँसाने को गुदगुदाता
इसी में घण्टों बीत जाता; कबो बूझ नाहीं पाता, ‘का हुआ जो खिसिया
गई है आज’; पूछता, चुपाए रहती, मनावन करता, गीत
गाता, कान पकड़ता, तबो सब बेअसर; माई
चाची, फुआ, दीदी से बताता
कहतीं, नई है

छरमताह है, मान
जाएगी; एक दिन सोचा, कुछुओ कर लो
नाहीं माननेवाली; तब आजी से कहा, ई खिसिया गई है, भाई, मान नाहीं रही, का करूँ, मारूँ ?
आजी ने समझाया, मारने से चोट तन प लगती है, बेटा, बाकी मन टूट जाता है; और वह डेवढ़ी
से उठ, दुआर नीचे खेत में गई, एक फाँड़ तितली घास के पत्ते टुँग ले आई, जिनमें
छेदकर जोड़ते, पायलें बनाईं, पहना दी गुड़ियावा को, शोभने लगे गोड़
कबसे जो मुँह फुलाई थी, मान गई; कि देखा, हरी-हरी पायलें
देखते लोरा आई हैं आजी की आँखें; पूछा, ‘ई
काहे ?’, उसने कहा, ‘पायलों की
आवाज़ सुनी तो, बस...
‘अच्छा

तनि मुझे
सुनाओ; आजी ने गुड़ियावा
के पाँवों को, मेरे कानों से लगा, कहा, ‘तोहरे बाबा मुझे पहनाते कहते थे, ई चाँदी
की ना सही, तबो ऐसी, शोभेगी, सुनने प सुनाई भी देगी; आजी ने बाबा का नाम
लिया, साँचो, गुड़ियावा की पायलें सुनाई देने लगीं; तब से आज तक
कबो जब पड़ती है तितली घास पर नज़र, ठहर जाती है
और सुनते सुनाई देने लगती हैं हरी-हरी पायलें
लेकिन, उनकी छम-छम के साथ
आजी की लोराई हुई
आँखें भी

दिखाई देने लगती हैं !
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

Couplets by Pratap Somvanshiअपने भीतर है जो इंसान बचाकर रखनाअपनी मिट्टी की ये पहचान बचाकर रखना— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीज़िंदा हैं कितने लोग दवा के बग़ैर भी— मुनव्वर रानामेरे गाँव के कुत्तेएकदुआर पर बैठे नंगे बच्चे से— ऐश्वर्य राजआओ मिलकर बद्दुआ करेंदुनिया का कोई क़ानून बद्दुआओं के लिए किसी को रोक नहीं सकता।इसलिए आओ सब मिल कर बद्दुआ करें कि— फ़रीद ख़ाँनज़्र-ए-योगेश प्रवीन नज़्र-ए-लखनऊलखनऊ मेरे वतन! ये तुझको आख़िर क्या हुआतेरा चेहरा दिख रहा है दर्द में डूबा हुआ— हिमांशु बाजपेयी