खेतों के बच्चे - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

8 min read · 12.4K reads

दिन तो दिन, रात में भी होती बारिश

आजी कहीं भी होती
तसला, कटोरा, कठवत ले, दौड़ती बखारवाले
घर में, और जहाँ-जहाँ चूता पानी, लगा देती, ताकि बखार में रखा बोआई को बीज
भीगकर बर्बाद न हो, मैं आजी का ऐसा पिछलगुआ, अपने से तो अकेले सोते छोड़
चली जाती, पर उसके बिन कहाँ नींद आनेवाली, बखारवाले घर में
भीगते चला ही जाता, देखता, पानी ओड़ने को बर्तन
लगा देने के बावजूद, चुपचाप
कोने में बैठी है

भुरकी में ढिबरी हवा से लुपलुपा रही

मैं कहता, देखो, अब बखार
नाहीं भीगेगा, चलो सो जाओ, इस पर मुझे ही जाकर सो
जाने को कहती, जब नहीं मानता, बखार पर से उतर आती नीचे, आँचर ओढ़ाए, ले जाती सुलाने
खटिया पर बैठा, ढिबरी बार, जो चुआ, पहिले उस पानी को काछ, आँगन में, फेंकने में लग जाती
देखता, ऐसा सिर्फ़ आजी ही नहीं कर रही, माई-चाची भी, यानी हर घर चू रहा
तभी तो, जब कहता, बाबूजी से कह के छपरिया छवा दो, इस
पर हर बार की तरह, एक ही बात कहती
हँ, बेटा...हँ, एक दिन सब
छवा जाएगा

फिर सोने नहीं, थपकी दे सुलाने को

खटिया पर बैठ जाती
लेकिन आजी बिन कहाँ नींद आनेवाली, जब कहता
अब सो जाओ, बखार पर बर्तन लगा दिया न..., कहती, कइसे सो जाऊँ, बरखा तेज, कहीं और
चूने लगा तो ?, तो रात-भर जगी रहोगी ?, कहती, जइसे तुम हमरे बच्चे हो न, अइसे ही बखार
में खेतों के बच्चे हैं, बोलो, तुम पानी में भीगोगे, नींद आएगी ? फिर उन्हें कइसे
आएगी... फिर कहती, बेटा, तुम तो बोल भी सकते हो, ई
जो खेतों के बच्चे हैं न, बोलना ही नाहीं
जानते, बस नींद पूरी हो
तो माटी में

उगना जानते हैं...!
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

कुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजजन्मभूमि आजएक बार धरती की तरफ़ देखोलोगों की तरफ़ देखों एक बार।— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायमेरे देश मेंमेरे देश मेंजहाँ बारिश की थकी हुई बूँदें अपनी कुबड़ी पीठ पर— हुकुम ठाकुरवृक्ष लोकसामान्य लोक से पहुँचना चाहता हूँ कहीं। जाता हूँ नदी के निर्जनतट पर। मैं लहरों की ओर देखता रह गया और संध्याकाश में उग— बिप्लव चौधुरीनज़्र-ए-योगेश प्रवीन नज़्र-ए-लखनऊलखनऊ मेरे वतन! ये तुझको आख़िर क्या हुआतेरा चेहरा दिख रहा है दर्द में डूबा हुआ— हिमांशु बाजपेयीमछली और किलकिला पक्षीनदी के पठारकांशवन में—— ब्रजनाथ रथ