उनकी हमसे नज़र नहीं मिलती - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

उनकी हमसे नज़र नहीं मिलती
अब किसी की ख़बर नहीं मिलती
 
रात पूनो की दिल में रहती थी
ख़ूब ढूँढा मगर नहीं मिलती
 
पाँव-प्यादे जहाँ चले थे कल
हमको अब वो डगर नहीं मिलती
 
जिसको सुनते ही बात बनती थी
बात वो बाअसर नहीं मिलती
 
उसके आते ही फूल खिलते थे
वो हवा अब इधर नहीं मिलती
 
लोग उठते ही पाँव छूते थे
अब कहीं वो सहर नहीं मिलती
 
साथ रहती थी चाँदनी छत पर
इन दिनों, भाई, घर नहीं मिलती
 
शेर कहने को कहते हैं वो भी
पर कहीं भी बहर नहीं मिलती
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like