ह्वेल, सत्य का रोमांच और सेंट्रल पार्क की बाबत... - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

8 min read · 12.4K reads

मैंने ह्वेल देखी कहाँ है
इतना जाना है
कि ह्वेल स्तनधारी होती है
और निरी बुद्धू होती है
 
लेकिन यह जानना ह्वेल को जानना नहीं है
यही तो बताना चाहता है ज्योग्राफिक चैनल
और बायोलॉजी की किताबें भी जिनमें
स्त्री का स्कल्टन
और स्त्री की संरचना भी छपी होती है
 
लेकिन स्त्री के बारे में चित्र देख कर जानना भी
कोई रोमांच पैदा नहीं करता और बायोलॉजी की ‘शुचिता दी’
पढ़ाती भी तो इस शुचिता से थीं कि जानने के चक्कर में
सत्य के रोमांच जैसी चीज कोई
सहम कर दुबक जाती थी
शब्दों की श्रोणि मेखला की गर्त तले
 
लेकिन मैं तो समुद्र की बात कर रहा था,
कहते हैं, जिसमें ह्वेल पाई जाती है
 
नहीं नहीं मैं तो ह्वेल की बात कर रहा था,
कहते हैं, जो समुद्र की नमकीन तरंगों में पाई जाती है
 
क्या हर समुद्र नमकीन तरंगों में डूबा होता है?
क्या हर समुद्र में पाई जाती है ह्वेल?
 
मुझे क्या पता!
 
फिर यह सेंट्रल पार्क में क्या कर रही है ह्वेल
हॉट सीट पर अपने पार्टनर के साथ?
और पार्टनर उसकी त्वचा में क्या तलाश रहा है?
क्या नमकीन तरंगों का समुद्र?
 
मुझे क्या पता!
 
मैंने तो बस इतना जाना है
कि ह्वेल स्तनधारी होती है
और निरी बुद्धू होती है
और समुद्र की नमकीन तरंगों में पाई जाती है
 
(इतनी जल्दी क्यों हो जाती है सेंट्रल पार्क में शाम
और ह्वेल-नमकीन?)
 
ह्वेल के बारे में जानना कोई बच्चों का खेल नहीं
वैसे कहने को कहते हैं यह ही कि बच्चे
ज्यादा जानते हैं ह्वेल के बारे में
 
ह्वेल और बच्चों के संबंध की बाबत जान सकूँ
तो बात बने कुछ शायद!
 
कि संबंधों से भी मिलते हैं
सत्य के कई जरूरी सुराग।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like