गोआ - कुमार अंबुज

कुमार अंबुजकुमार अंबुज13 Sept 1957

11 min read · 12.3K reads

चित्रों में कितना कम जिंदगी में फैला विस्तार अटूट
देश के नक्शे में चमकता हुआ एक किडनी की तरह
ललचाने वाली बदनामियों और प्रसिद्धि के बीच
अपनी लापरवाही में मस्त
हर कदम पर मिलते नारियल के वृक्ष मौज में हिलते-डुलते
ईसाइयत के निशान हजारों जिनमें पुर्तगाली चमक का एहसास बराबर
जहाँ भी बैठो मस्ती में या थक कर वहीं पास कहीं दिखता एक क्रॉस
समुद्र की नमक घुली हवा में साँस लेते हम जिसमें रसायनों की गंध कम
लेकिन खाना परोसता हुआ आदमी कहता है -
अब नहीं रही पहले-सी हवा !
मीलों फैले बीचों पर पर्यटकों का उत्सव अनंत
मौज-मस्ती के दृश्यों के बीच अविस्मरणीय वह कृशकाय अधेड़ जोड़ा
लहरों के साथ आई सीपियों को भूख से चलित हाथों से बीनता
मछलियों की गंध के बीच विदेशी ग्राहकों को पटाते आदमी निरक्षर बोलते अंग्रेजी
रेत के मुलायम गद्दे में धँसे हम अवाक् देखते डूबते सूर्य की अरुण छटा
जो फिर एक बार शब्दातीत
पास में ही गीली बालू पर समुद्री कीट के रेंगने के निशान
जिन्हें अगले पल में ही मिटाने आ रही वह एक तेज लहर
सुबह छह बजे की उजास में धुली सड़कें चमकती गलियाँ
रात आठ बजे से ही फिर अपनी चुप्पी के रहस्य में डूबती हुईं
लोग घरों में बंद चुपचाप लेते चुस्कियाँ
और वहीं प्रकृति में पकते काजुओं की खुशबू
ज़मीन में दफ़न हाँडी में से उठती है होरॉक की गंध
शाम होते ही हर घर धीरे-धीरे तब्दील होता किसी शराबखाने में
रोशनी की जरा-सी दरार में मिल जाती पीने की गुंजाइश
फिर समुद्र की तरफ से आने वाली हवाओं में झूमता शहर पणजी
घरों की गुल बत्तियों से पैदा हलके अँधेरे में
सोता हुआ चैतन्य नींद में
पुल के किनारे जलती बत्तियों की लंबी कतार की परछाइयाँ
गिर कर चमकती हैं खाड़ी के हरे-नीले जल में
उन्नीस सौ इकसठ की याद अभी धूमिल नहीं
घर-घर में एक बुजुर्ग जैसे उत्सर्ग और लंबी यातना का किस्सा
नेहरू की गोआ-नीति को ले कर नाखुश लोग शहीदों के लिए भावुक
बस्तियाँ नष्ट होती हैं इतना नव-निर्माण
हर तरफ से आती हैं सरिए काटने और फरमों में कंक्रीट डालने की आवाजें
भीतर गाँवों में हरीतिमा से घिरा वही विपन्न जीवन
हिप्पियों और नशेलचियों के लिए एक मुफीद जगह
पर्यटन केंद्रों में श्रेष्ठता की होड़ ने सस्ती कर दी है शराब
एक पर्यटक की तरह भी देखते हुए कितना कम
लौटते हैं हम जुड़वाँ पुलों में से एक को पार करते हुए
जहाँ से रोशन जहाज की तरह चमकता हुआ
दिखता है विधान-सभा का श्वेत-भवन !
कुमार अंबुज
About the poet

कुमार अंबुज

View profile & all 70 Poems / Stories

More from कुमार अंबुज

  1. किवाड़ - कुमार अंबुज

    नयन मूँदे अन्तर में तत्क्षण बही जाह्नवी वरुणाशिरा-शिरा में प्रति धमनी में बूँद-बूँद मेरी पहचानी

    12.4K reads
  2. क्रूरता - कुमार अंबुज

    नयन मूँदे अन्तर में तत्क्षण बही जाह्नवी वरुणाशिरा-शिरा में प्रति धमनी में बूँद-बूँद मेरी पहचानी

    12.4K reads
  3. अनंतिम - कुमार अंबुज

    नयन मूँदे अन्तर में तत्क्षण बही जाह्नवी वरुणाशिरा-शिरा में प्रति धमनी में बूँद-बूँद मेरी पहचानी

    12.4K reads
  4. माखनलाल चतुर्वेदी पुरस्कार

    नयन मूँदे अन्तर में तत्क्षण बही जाह्नवी वरुणाशिरा-शिरा में प्रति धमनी में बूँद-बूँद मेरी पहचानी

    12.4K reads
  5. श्रीकांत वर्मा सम्‍मान

    नयन मूँदे अन्तर में तत्क्षण बही जाह्नवी वरुणाशिरा-शिरा में प्रति धमनी में बूँद-बूँद मेरी पहचानी

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like