हम लड़-के

खेमकरण ‘सोमन’खेमकरण ‘सोमन’2 Jun 1984

1 min read · 12.4K reads

हम लड़के हैं

हम जानते हैं हम हो गए हैं अब बड़े

हम जानते हैं बातें भी बड़ी-बड़ी

हम जानते हैं

हमारे क़दमों की नाप है अलग

हम जानते हैं दहाड़ना

अच्छी तरह प्यार करना भी

हम जानते हैं

समस्याओं पर जोरदार बहस करना

विकास के लिए विभिन्न विषयों पर एक होना

हम जानते हैं

सहमतियों के बीच उजाला तलाशना

उफनती नदी पार करना

सूरज बनकर उजाला करना

बादल बनकर गरजना

आसमान काला करना

हम जानते हैं यह भी कि कहाँ ज़रूरत है हमारी

कहाँ ज़रूरत है शिक्षा-स्वास्थ्य की

कहाँ ज़रूरत है रोटी-दाल की

कहाँ ज़रूरत है नमक की

कहाँ ज़रूरत है चमक-धमक की

कौन बेचता है पानी, कौन करवाता है दंगा

किसकी सोच है सांप्रदायिक

हम लड़के सीख चुके हैं

पढ़ना-लिखना, जानना, समझना

कुछ कहना

लेकिन इतना हो चुकने के बाद भी

हम लड़के अभी सीख नहीं पाए हैं

अपना हक लेना-छीनना लड़-के

हम लड़-के!

खेमकरण ‘सोमन’
About the poet

खेमकरण ‘सोमन’

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। 'नई दिल्ली दो सौ बत्तीस किलोमीटर' चर्चित कविता-संग्रह। मूल नाम : खेमकरण ‘सोमन’ जन्म : 02/06/1984 | नैनीताल, उत्तराखंड

View profile & all 34 Poems / Stories