सामान्यता की शर्त - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

4 min read · 12.4K reads

जिस गन्दे रास्ते से हम रोज़ गुज़रते हैं
वह फिर गन्दा‍ लगना बन्द हो जाता है ।

रोज़ाना हम कुछ अजी‍बो-ग़रीब चीज़ें देखते हैं
और फिर हमारी आँखों के लिए
वे अजीबो-ग़रीब नहीं रह जाती ।

हम इतने समझौते देखते हैं आसपास
कि समझौतों से हमारी नफ़रत ख़त्म हो जाती है ।

इसी तरह, ठीक इसी तरह हम मक्का़री, कायरता,
क्रूरता, बर्बरता, उन्माद
और फासिज़्म के भी आदी होते चले जाते हैं ।

सबसे कठिन है
एक सामान्य आदमी होना ।

सामान्यता के लिए ज़रूरी है कि
सारी असामान्य चीज़ें हमें असामान्य लगें
क्रूरता, बर्बरता, उन्माद और फासिज़्म हमें
हरदम क्रूरता, बर्बरता, उन्माद और फासिज़्म ही लगे

यह बहुत ज़रूरी है
और इसके लिए हमें लगातार
बहुत कुछ करना होता है

जो इन दिनों
ग़ैरज़रूरी मान लिया गया है ।

(05 सितम्बर 2019)
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like