फिर आई दीवाली है - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

गली-गली में धूम मची है घर-घर में खुशहाली है।
फिर आई दीवाली भाई फिर आई दीवाली है।

पर्व उजाले का यह पावन।
श्री गणेश-लक्ष्मी का पूजन।
केसर-कुमकुम-रोली-चन्दन।
महक रहा सारा घर-आँगन।
खील-खिलौने और मिठाई अब हर चीज मँगा ली है।
फिर आई दीवाली भाई फिर आई दीवाली है।

दीप जल रहे द्वारे-द्वारे।
लगते कितने प्यारे-प्यारे।
जैसे नीलगगन के तारे।
धरती पर उतरे हैं सारे।
पूरनमासी जैसी लगती रात अमावस वाली है।
फिर आई दीवाली भाई फिर आई दीवाली है।

नाच रही है चरखी फर-फर।
झरते हैं अनार झर-झर-झर।
फुलझड़ियाँ लगती हैं सुंदर।
बम के धूम-धड़ाके जमकर।
सब त्योहारों में दीवाली लगती बहुत निराली है।
फिर आई दीवाली भाई फिर आई दीवाली है।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like