अंधेरा - जितेन्द्र श्रीवास्तव

जितेन्द्र श्रीवास्तवजितेन्द्र श्रीवास्तव8 Apr 1974

4 min read · 12.4K reads

वहाँ पसरा है मौत के बाद का सन्नाटा
हवा की साँय-साँय में
घुला है भय

झींगुरों की आवाज़
विलीन हो रही है
विधवाओं के विलाप में

झगड़ा महज एक नाली का था
जिसके आगे बेमोल हो गए जीवन
जिस नाली से बहता है गंदा पानी
उसी में बहा गर्म ख़ून

उधर गाँव के भाईचारे की बातें
दूर कहीं बहुत दूर
सो रही थीं शहरी बाबुओं की क़िताबों में

और एक समूचा गाँव काँप रहा था थर-थर-थर

मित्रो, यह किसी एक गाँव का सच नहीं
यह हमारे समय के
लगभग हर गाँव की हक़ीक़त है

अब गाँवों में भी
आने-दाने की लड़ाई है
इंच-इंच के लिए ख़ून-ख़्रराबा है

रोशनी के बीच शहरों में
जितना अधिक है रिश्तों का अंधेरा
उससे कम नहीं अब
अंधेरे गाँवों में मन का अंधेरा ।

जितेन्द्र श्रीवास्तव
About the poet

जितेन्द्र श्रीवास्तव

पिछली सदी के आखिरी दशक में एक धमक की तरह काव्य-परिदृश्य पर उपस्थित हुए कवि जितेन्द्र श्रीवास्तव आज नयी सदी की कविता के सर्वाधिक प्रशंसित और अनिवार्य कवि हैं। बाजारू प्रलोभनों से बचाकर हिंदी कविता को विश्वसनीय बनाए रखने के प्रति सर्जनात्मक सजगता जितेन्द्र को अ…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like