ज़िन्दगी कहाँ कहाँ - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads


तुम्हारी निशानदेही पर
साबित हुआ
कि ज़िन्दगी कहाँ कहाँ है
और कहाँ कहाँ से उजड़ गई है !
एक लोकोक्ति की तरह
तुम बसे हो मुझमें
जिसे पहर पहर दोहराती हूँ,
या फिर देहात की औरतें
जैसे भोर में गीत गुनगुनाते हुए
रोपनी करती हैं या फिर
धान कूटते हुए
लोक गीत गाती हैं,
मुझमें वैसे हीं उतर गए तुम
हर दिवस के अनुरूप !
और जब मैं रात्रि में अपने केंचुल में समाती हूँ
जैसे तुहारे आवरण को ओढ़ लिया हो
और महफूज़ हूँ
फिर ख़ुद में ख़ुद को तलाशती हूँ,
तुम झटके से आ जाते हो
जैसे रात के सन्नाटे में
पहरु के बोल और
झींगुर के शोर !
मेरे केंचुल को किसी ने जला दिया
मैं इच्छाधारी
जब तुम्हारे संग
अपने सच्चे वाले रंग में थी,
मैं महरूम कर दी गई
अपनी जात से
और औकात से !
अब
तुम्हारी शिनाख्त की ज़रुरत है
ताकि वापस ज़िन्दगी मिले,
और तुम्हारी निशानदेही पर
अपना नया केंचुल उगा लूं
जिससे मेरी पहचान हो
और मुझमें वो रंग वापस उतर जाए
जिसे मैं दुनिया से ओझल हो
जीती हूँ !

(नवम्बर 6, 2011)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like