गीत - जया पाठक श्रीनिवासन

जया पाठक श्रीनिवासनजया पाठक श्रीनिवासन14 Sept 1977

4 min read · 12.4K reads

सारंगी इसलिए बनी थी
कि प्रकृति किसी कंधे की टेक ले
सुना सके
पीड़ा की तान पर
पिघलते गीत

तबला बना
इस लिए
कि वो बाँध सके
उन तानों को
अंतहीन आवर्तनों के अहाते में
जो आते-जाते उन गीतों के आघातों से
बस !
टूटने टूटने को होते

कि तभी
थाम लेता कोई
उन गिरते अहातों को
कंठ से फूटे
एक कसे हुए अलाप में

जीवन जो एक दुरूह वृत्त सा था अबतक
बन जाता एक बिंदु मात्र
और मैं तिरता - संज्ञाहीन
हद से अनहद तक के
अंतहीन में
बेपरवाह

कि तभी
कोई लहर
थमा जाती
एक मुट्ठी सितारे

यूँ तो
पथ भी मैं
पथिक भी मैं
फिर भी चलता हूँ दिन भर
कि जेब में भरे सितारे
बजते रहे
गूंजते रहे संगीत

आत्मा
इसलिए बनी थी
कि प्रकृति के गीतों को
चाहिए था
एक आसमान
जया पाठक श्रीनिवासन
About the poet

जया पाठक श्रीनिवासन

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like