किसकी है तस्वीर - जगदीश व्योम

जगदीश व्योमजगदीश व्योम1 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर
नंगा बदन कमर पर धोती
और हाथ में लाठी
बूढ़ी आँखों पर है ऐनक
कसी हुई कद काठी
लटक रही है बीच कमर पर घड़ी बँधी ज़ंजीर
सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर

उनको चलता हुआ देखकर
आँधी शरमाती थी
उन्हें देखकर अंग्रेज़ों की
नानी मर जाती थी
उनकी बात हुआ करती थी पत्थर खुदी लकीर
सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर

वह आश्रम में बैठ
चलाता था पहरों तक तकली
दीनों और ग़रीबों का था
वह शुभचिंतक असली
मन का था वह बादशाह पर पहुँचा हुआ फ़कीर
सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर

सत्य अहिंसा के पालन में
पूरी उमर बिताई
सत्याग्रह कर-करके जिसने
आज़ादी दिलवाई
सत्य बोलता रहा जनम भर ऐसा था वह वीर
सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर

जो अपनी ही प्रिय बकरी का
दूध पिया करता था
लाठी डंडे बंदूकों से
जो न कभी डरता था
तीस जनवरी के दिन जिसने अपना तजा शरीर
सोचो और बताओ आख़िर है किसकी तस्वीर
जगदीश व्योम
About the poet

जगदीश व्योम

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like