हम टँगी कन्दील के बुझते दिये - जगदीश पंकज

जगदीश पंकजजगदीश पंकज10 Sept 1952

4 min read · 12.4K reads

हम टँगी कन्दील के बुझते दिये
जल रहे हैं सिर्फ़ बुझने के लिए

आग का केवल क्षणिक अस्तित्व है
आँधियों से भी घिरा व्यक्तित्व है
हम अभावों में सदा पलते रहे
हम तनावों में सदा जलते रहे
पी रहे सन्ताप होठों को सिए

आस्थाएँ प्रश्न-चिन्हों से लदी
कर रही विषपान यह अपनी सदी
एक झोंके से सभी हिल जाएगा
धूल में अस्तित्व ही मिल जाएगा
बस हमारे नाम ख़ाली हाशिए

योजना टलती रहे हर मास पर
एक बस वेतन दिवस की आस पर
हर क़दम पर हम सिमटते ही रहे
समय के पदचिन्ह से मिटते रहे
आत्म-कुण्ठा में सदा घिर कर जिए

यह अधर की ज़िन्दगी कितनी विषम
हर अधर पर जड़ रहे लाखों नियम
शब्द ही जब चीख़ में ढल जाएँगे
हम तभी अपनी व्यथा कह पाएँगे
अन्यथा जीते रहें आँसू पिए
जगदीश पंकज
About the poet

जगदीश पंकज

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like