साईं मेरे खेतों पर भी रुत हरियाली भेजो नाँ
सखी परिंदों की चहकारें गीतों वाली भेजो नाँ
एक इक कर के पंछी उड़ते जाएँ ठोर-ठिकानों से
भूक उड़े खलियानों में रुत बाजरे वाली भेजो नाँ
चिकने-मुकने आँगन माँगें रोज़ दुआएँ परिंदों की
कभी तो उन की दुआ सुनो और भरी कुंडाली भेजो नाँ
अलगनियों अलगनियों फैली रंग-बिरंगी अंगियों को
लहरें लेते जिस्म और हँसते मुख की लाली भेजो नाँ
सुखी रहें वो हाथ जो डलिया बुनते कभी नहीं थकते
संदेसा उस माँ को जिस की आत्मा ख़ाली भेजो नाँ
बजरे दरिया पार ख़ज़ाने अपने ढो ले जाते हैं
सर और तन की जुदा जुदा अब के रखवाली भेजो नाँ
साईं रात की रात ये बस्ती मक़्तल क्यों बन जाती है
अब जिस रात भी ख़ंजर निकलें आँधी काली भेजो नाँ








