यूँही किसी के ध्यान में अपने आप में गाती दो-पहरें

इशरत आफ़रींइशरत आफ़रीं25 Dec 1956

1 min read · 12.4K reads

यूँही किसी के ध्यान में अपने आप में गाती दो-पहरें

नर्म गुलाबी जाड़ों वाली बाल सुखाती दो-पहरें

सारे घर में शाम ढले तक खेल वो धूप और छाँव का

लप्पे पत्ते कच्चे आँगन में लोट लगाती दो-पहरें

जीवन-डोर के पीछे हैराँ भागती टोली बच्चों की

गलियों गलियों नंगे पाँव धूल उड़ाती दो-पहरें

सरगोशी करते पर्दे कुंडी खटकाता नट-खट दिन

दबे दबे क़दमों से तपती छत पर जाती दो-पहरें

कमरे में हैरान खड़े आईना जैसे हँसते दिन

ख़ुद से लड़ कर गौरय्या सी शोर मचाती दो-पहरें

वही मुज़ाफ़ातों के भेद भरे सन्नाटों वाले घर

गुड़ियों के लब सी कर उन का ब्याह रचाती दो-पहरें

खिड़की के टूटे शीशों पर एक कहानी लिखती हैं

मंढे हुए पीले काग़ज़ से छन कर आती दो-पहरें

नीम तले वो कच्चे धागे रंगती हुई पुरानी याद

घेरा डाले छोटी छोटी हाथ बटाती दो-पहरें

फटी-पुरानी कथरी ओढ़े धूप सेंकते बूढे दिन

पेशानी तक पल्लू खींचे चिलम बनाती दो-पहरें

पानी की तक़्सीम के पीछे जलते खेत सुलगते घर

और खेतों की ज़र्द मुंडेरों पर कुम्हलाती दो-पहरें

पुर्वाई से लड़ते कितने वरक़ पुरानी यादों के

सौग़ातों के संदूक़ों को धूप दिखाती दो-पहरें

दुखती आँखें ज़ख़्मी पोरें उलझे धागों जैसे दिन

बादल जैसी ओढ़नियों पर फूल खिलाती दो-पहरें

ओढ़नियों के उड़ते बादल रंगों के बाज़ारों में

चूड़ी की दूकानों से वो हमें बुलाती दो-पहरें

सुनते हैं अब उन गलियों में फूल शरारे खिलते हैं

ख़ून की होली खेल रही हैं रंग नहाती दो-पहरें

ये तो मेरे ख़्वाब नहीं हैं ये तो मेरा शहर नहीं

किस जानिब से आ निकली हैं ये गहनाती दो-पहरें

इशरत आफ़रीं
About the poet

इशरत आफ़रीं

जन्म : 25 Dec 1956 | कराची, सिंध

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी