दिल है या मेले में खोया हुआ बच्चा कोई

इशरत आफ़रींइशरत आफ़रीं25 Dec 1956

1 min read · 12.4K reads

दिल है या मेले में खोया हुआ बच्चा कोई

जिस को बहला नहीं सकता है खिलौना कोई

मैं तो जलते हुए ज़ख़्मों के तले रहती हूँ

तू ने देखा है कभी धूप का सहरा कोई

मैं लहू हूँ तो कोई और भी ज़ख़्मी होगा

अपनी दहलीज़ पे फेंको तो न शीशा कोई

ख़्वाहिशें दिल में मचल कर यूँही सो जाती हैं

जैसे अँगनाई में रोता हुआ बच्चा कोई

ज़ाइचे तू ने उमीदों के बनाए थे मगर

मिट गए हर्फ़ गिरा आँखों से क़तरा कोई

चाँदनी जब भी उतरती है मिरे आँगन में

खोलता है तिरी यादों का दरीचा कोई

मेरा घर जिस के दर-ओ-बाम भी मेहमान से थे

काश इस उजड़े हुए घर में न आता कोई

दिल कोई फूल नहीं है कि अगर तोड़ दिया

शाख़ पर इस से भी खिल जाएगा अच्छा कोई

तुम भरे शहर में अफ़्कार लिए फिरते हो

सब तो मुफ़्लिस हैं ख़रीदेगा यहाँ क्या कोई

रात तंहाई के मेले में मिरे साथ था वो

वर्ना यूँ घर से निकलता है अकेला कोई

'आफ़रीं' दर्द का एहसास मिटा है ऐसे

जैसे बचपन में बनाया था घरौंदा कोई

इशरत आफ़रीं
About the poet

इशरत आफ़रीं

जन्म : 25 Dec 1956 | कराची, सिंध

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like