हम उनसे अगर मिल बैठते हैं - इब्ने इंशा

इब्ने इंशाइब्ने इंशा15 Sept 1927 – 11 Sept 1978

3 min read · 12.4K reads

हम उनसे अगर मिल बैठते हैं क्या दोष हमारा होता है
कुछ अपनी जसारत होती है कुछ उनका इशारा होता है

कटने लगीं रातें आँखों में, देखा नहीं पलकों पर अक्सर
या शामे-ग़रीबाँ का जुगनू या सुबह का तारा होता है

हम दिल को लिए हर देस फिरे इस जिंस के गाहक मिल न सके
ऎ बंजारो हम लोग चले, हमको तो ख़सारा होता है

दफ़्तर से उठे कैफ़े में गए, कुछ शेर कहे कुछ काफ़ी पी
पूछो जो मआश का इंशा जी यूँ अपना गुज़ारा होता है

जसारत= दिलेरी; ख़सारा=नुक़सान; मआश=आजीविका

(रचनाकाल : )
इब्ने इंशा
About the poet

इब्ने इंशा

View profile & all 40 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like