किरन से एक मुकालिमा - नज़्म

हुमैरा राहतहुमैरा राहत

1 min read · 12.4K reads

अंधेरा डाँट कर बोला

सुनो सूरज की ऐ नन्ही किरन

अब घर चली जाओ

तुम्हारी राजधानी पर

हुकूमत अब मिरी होगी

किरन ने मुस्कुरा कर

देव-क़ामत और पुर-हैबत

अँधेरे पर नज़र डाली

तहम्मुल से यक़ीं और हौसले को

भर के अपने नर्म लहजे में कहा

देखो चली तो जाऊँगी लेकिन

हर इक दिल में रहूँगी

इक नई उम्मीद की सूरत

हर इक घर में मिलूँगी

तुम से लड़ता इक दिया बन कर

सितारों से कभी छलकूँगी

उन की रौशनी बन कर

कभी मैं चाँद से निकलूँगी

उस की चाँदनी बन कर

सुनो

मैं जा के भी मौजूद हूँगी

और तुम

मौजूद हो कर भी नहीं होगे

हुमैरा राहत
About the poet

हुमैरा राहत

उपनाम : 'राहत' जन्म : रहीम यार ख़ान, पंजाब

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like