फ़स्ल - नज़्म

हुमैरा राहतहुमैरा राहत

1 min read · 12.4K reads

सुनो मैं ने सुना है

ये ज़मीं सोना उगलती है

बहुत ज़रख़ेज़ है जिस चीज़ के भी बीज डालें

फ़स्ल उस की चंद दिन में लहलहाती है

तो फिर इक काम करते हैं

मुझे तुम इस ज़मीं के कुछ मुरब्बे दो

मैं इस में हाथ बोऊँगी

मुझे हैरत से मत देखो

सुनो जब मैं ज़मीं में हाथ बोऊँगी

तो इस में अनगिनत हाथों की फ़स्लें

लहलहाएँगी

फिर उन हाथों में हम इक इक क़लम दे कर

कहेंगे

वो हमारे कर्ब को जानें हमारे ख़ौफ़ को लिक्खें

वो इक डर जो हमें जीने नहीं देता

लहू को मुंजमिद कर के समुंदर बीच

तन्हा छोड़ देता है

जो उम्मीदों की गागर तोड़ देता है

उन हाथों से कहेंगे

वो हमारे दर्द को लिक्खें

बता दें सारी दुनिया को

हमारे ख़्वाब बे-ताबीर हैं

सारी दुआएँ आसमाँ की सम्त तकती हैं

हमारे घर के चूल्हे सर्द हैं

बच्चों के चेहरे ज़र्द हैं

जीना है इक ऐसी सज़ा-ए-बा-मशक़्क़त

जिस के चौदह साल पूरे ही नहीं होते

हुमैरा राहत
About the poet

हुमैरा राहत

उपनाम : 'राहत' जन्म : रहीम यार ख़ान, पंजाब

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like