आजोबा

Hemant Deolekarहेमंत देवलेकर

2 min read · 12.8K reads

बचपन में

माँ के स्तनों के अलावा

आँख मूँदकर भी जिन्हें पहचानता था

वे थे दो हाथ

उनकी गर्माहट,

खुरदुरापन, गंध

इकलौती थी दुनिया में

वे माँ के हाथ नहीं थे

पर लगता था

माँ ने व्यस्तता के कारण ही उन्हें गढ़ा

उन हाथों में कुछ ज़्यादा ही माँ-पन भर दिया

उन हाथों ने मेरे गीले लंगोट बदले

थपकियाँ देते की पहरेदारी

कोई बुरा सपना

कभी ख़लल नहीं डाल पाया

नींद में

उनकी उँगली पकड़ चलते हुए

जाना कि पाँव आगे बढ़ाने पर ही

नज़दीक आती हैं चीज़ें

मेरी अबोध उँगलियों को

अपनी हथेली में थाम

पट्टी की काली मिट्टी में

हल की तरह चलाते

कितना आश्चर्य

अंकुर की तरह अक्षरों का फूटना

भाषा का मेरे हाथों उगना

वे हाथ

दिन भर इसी फ़िक्र में रहते

कि आस-पास की कौन-सी चीज़ें बटोरकर

नए खेल, खिलौने पैदा किए जाएँ

किसी डंडे में

टीन का गोल ढक्कन ठोंककर

बनाते गाड़ियाँ,

कपड़े की चिंदियाँ

पत्थर पर लपेट-लपेट कर गेंद

नर्म और ठोस एक साथ :

उछलने से उकताने वाली गेंद

नाली में भीगकर पोतड़ा बन जाने तक

एक और गेंद बनाने में जुटे हाथ

दशहरे का मेला हो

या अनंत चौदस की झाँकियाँ

घनी भीड़ के पैरों में

कभी गुम नहीं होने दिया

वे हाथ मुझे कंधों पर बिठा लेते

मैं आजोबा की पगड़ी की तरह दिखाई देता।

Hemant Deolekar
About the poet

Hemant Deolekar हेमंत देवलेकर

Born - 11 July 1972 Place of Birth - Ujjain, Madhya Pradesh Some Major Works - The cotton of our age is slowly turning into iron (poem collection) miscellaneous - writing plays while performing जन्म - 11 जुलाई 1972 जन्म - स्थान उज्जैन, मध्य प्रदेश कुछ प्रमुख…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like