हमारे गाँव में लड़कियाँ

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.5K reads

हमारे गाँव में लड़कियाँ

अब भी अपशगुन की तरह होती हैं

इनके जन्म पर माँ आँख मीच-मीचकर रोती है

बाबूजी के दिल में पत्थरों की बारिश होती है

ज्यों-ज्यों फूल की तरह खिलती हैं

चाँद की तरह चमकती हैं लड़कियाँ

माँ-बाप के सिर पर

बोझ की तरह भारी होती जाती हैं लड़कियाँ

वे दो-तीन रोटी खाती हैं

एकाध गिलास पानी पीती हैं

घर में सबके जूठे बर्तन धोती हैं

वे दूध अब भी नहीं पीतीं हमारे गाँव

कभी महुआ तर कभी सिलबट्टे तर

कभी चक्की तर कभी चूल्हे तर उनके ठाँव

आँसू पीना खूब जानती हैं लड़कियाँ हमारे गाँव

दूर नदी से फींच हैं गड़तर सरतर

घर को बनाए रखना चाहती है सुंदरतर

बढ़िया से बढ़िया कई व्यंजन पकाती हैं

ख़ुद महीने में चार-पाँच दिन उपवास रह जाती हैं

बेचारी

साज-सँवार की चीज़ें

गमकौआ तेल

और साड़ी भी नहीं खोजतीं

माँ के गम खातीं

अक्सर करुण स्वर में कुछ गाती हैं

बबुआ-भतीजा के गू-मूत करती हैं

उनके पैरों में चट्टी पुरानी

छोटी पड़ने लगती हैं मगर

घिस नहीं पाती

फीते अटूट बचे रहते हैं

लड़कियाँ हमारे गाँव की दौड़ नहीं लगातीं

वे दुख में भी हँसती हैं

और रात में रोती हैं नींद के भीतर

क्यों भारी मानी जाती हैं लड़कियाँ

जवान होने के बाद?

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय