यह कौन है
जो तुम्हारे टोले से जब न तब
उठा ले जाता है जवान मुर्ग़ियाँ, अंडे, बकरियों
तुम्हारे खूँटे से दिन दहाड़े खोल ले जाता है
नई-नई ब्याई गइया
कौन तुम्हारे घरों में घुस जाता है
वक़्त-बेवक़्त
और कोहराम मचा देता है
इन खेतों में
जो मार फ़सलें उगती हैं
तुम्हारे पसीने से सींचकर
उन्हें कौन अपने गोदामों में भर ताला मार देता है
तुम्हारा चूल्हा क्यों नहीं जलता दोनों बेर
तुम्हारे बच्चों को स्लेट की जगह
कौन पकड़ा देता है हँसिया
तुम्हारी किशोरी बच्चियों को
तुम्हारे सामने से कौन खींच ले जाता है
तुम्हारी औरतें अपने पेट और गोद में किसका बच्चा पालती हैं
यह कौन है
जो तुम्हें पहुँचने नहीं देता मतदान-केंद्र तक
जो तुम्हारे उपजाए अन्न के ज़ोर पर
तुम्हीं पर ऐंठता है रोब
तुम्हारे ही बनाए लोहे से तुम्हें डराता है
आख़िर वह कौन है
जिसने खेत-खलिहान, फ़ैक्ट्री-गोदाम
थाने से लेकर संसद तक हथिया रखा है
और तुम्हारे ही विरुद्ध तुम्हारा इस्तेमाल कर रखा है
उसे तुम जानते तो हो
फिर बोलते क्यों नहीं
बोलो आख़िर कब बोलोगे
यह है कौन
कौन है यह








