शब्दों के आततायी - गीताश्री

गीताश्रीगीताश्री

7 min read · 12.4K reads

कहाँ से आए होंगे शब्दों के आततायी
जाने किस खोह में पले होंगे
कैसी हवा में ली होंगी साँसें
अकेले में रोते होंगे क्या
हँसना याद रहा होगा उन्हें
किसने थमाए होंगे उनके हाथों में
फूलों की जगह नुकीले पत्थर
अज्ञात है यह सब कुछ
उन आततायियों की तरह
लेकिन वे आते हैं
झुण्ड के झुण्ड

उनके हाथों में होते हैं शब्दो के लहूलुहान कर देने वाले पत्थर
बेदम हो जाने तक करते हैं प्रहार
सोचते हैं नष्ट हो जाएगी
-वह फिर से पनप जाती है

अपने मज़बूत पैरों से रौंदते हैं अरमान
सोचते हैं अब भूल जाएगी सपने देखना
वह नए सपने उगा लेती है

जहान की सारी रोशनियाँ उसके लिए बुझा कर
मान लेते हैं वे कि अब अन्धेरो से नहीं निकल पाएगी
वह खेलने लगती है चकमक पत्थरों से

सारी नसें दबा कर
ख़ुश हैं वे कि निकल गए होंगे प्राण
वह हवाएँ नथुनो में भर लेती है

वे नोंच लेते हैं सारे पंख
सोचते हैं भूल जाएगी सारी उड़ान
वह आकाश हो जाती है

बुझा कर सारी बाहरी आग
वह भूख पर जड़ देते हैं ताला
वह अक्षरों को घोंट कर पी जाती है

वे सपनों पर डाल देते हैं मुठ्ठी भर धूल
चाहते हैं बदरंग हो जाएँ सपने
वह आँधी हो जाती है

वे उठा देते हैं चारो ओर संशय की दीवारें
दूर कर देना चाहते हैं स्नेह से बढ़े हाथ
वह दीवार से लिपटी घास बन जाती है

एक दिन पहचान लिए जाएँगे वो
मारे जाएँगे अपने ही पत्थरों से
जीती रहेगी वह
गीताश्री
About the poet

गीताश्री

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like