सुनो कोहरा खड़ा हँसे - गीता पंडित

गीता पंडितगीता पंडित15 Sept 1956

3 min read · 12.4K reads

ताले में बंदकर दिनकर को
सुनो कोहरा
खड़ा हँसे

भोर बहुरिया दांत बजाती
अंगड़ाई ले उठती है
सुबहा कि आँखों में देखो
रैनभरी इक
बस्ती है

देह किरण की
ओढ़ रजाई
सोच रही है बुरे फँसे
सुनो कोहरा खड़ा हँसे

देख देहरी
आँख उठाये
बाट जोहती दिनकर की
डरी हुई सदियों से खिड़की
झाँक रही है
इस पर भी

चुप्पी में
अब दीवारों की
दिन सारे हैं धँसे-धँसे
सुनो कोहरा खड़ा हँसे।
गीता पंडित
About the poet

गीता पंडित

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like