टूटी हुई बिखरी हुई पढ़ाते हुए - गिरिराज किराडू

गिरीराज किराडूगिरीराज किराडू15 Sept 1975

11 min read · 12.4K reads

और ठीक इसी छवि में मैंने तुम्हे पाया है सदैव--आईने के भीतर,
बहुत भीतर जहाँ तुम स्वयं को रखती हो--इस संसार से दूर, बहुत दूर

फ़िर क्यूँ आई हो ऐसे अपने आप को मिथ्या करते हुए,
फ़िर क्यूँ मुझे विश्वास दिलाना चाहती हो कि
जो पंख तुमने पहने थे अपनी आत्मछवि में उनमें वो थकान थी
जो नहीं हो सकती अपने आईने के शांत, मंद्र आकाश में ?

फ़िर क्यूं ऐसे खड़ी हो कि अपशकुन मंडराता दिखे मुझे तुम्हारे सिर पे,
फ़िर क्यूं अपनी आत्मा के अक्षरों को ऐसे पढ़ रही हो जैसे कोई पढ़ रहा हो हाथ की रेखाओं को
यूँ कि मैं भी न पढ़ पाऊँ उन्हें तुम्हारी नियति के सिवा किसी और तरह से ?

और इससे भयभीत न रहो कि मैं अब समझता हूँ इसे--तुम्हारी नियति को,
यह मुझमें व्याप रही है; कोशिश कर रहा हूँ इसे जकड़ने की,
मुझे जकड़ना ही होगा इसे चाहे मैं मर जाऊं अपने ही पाश में,
जैसे कोई नेत्रहीन महसूस करता है वस्तुओं को वैसे महसूस करता हूँ तुम्हारी नियति,
भले इसे कोई नाम नहीं दे पा रहा मैं

आओ विलाप करें इसका कि किसी ने खींच लिया है तुम्हे तुम्हारे आईने की गहराइयों से,
बाहर आओ विलाप करें एक साथ ....एक साथ...पर क्या तुम रो सकती हो अब भी?

नहीं मैं देख सकता हूँ--तुम नहीं रो सकती, अब तुमने अपने आँसुओं के सत को बदल लिया है
इस उदास, घूरती , भरी पूरी नज़र में; नहीं, तुम नहीं रो सकती अब

आओ विलाप करें--एक साथ, मिल कर
क्या तुम जानती हो कैसे अनमने ढंग से, अनिच्छा से लौटा तुम्हारा रक्त तुम्हारे भीतर
अपने अतुल प्रवाह से बिछडकर जब तुमने पुकारा उसे लौटने के लिए?

कितना शंकित था वह--तुम्हारा रक्त--फ़िर से संकरे गलियारों में लौटते हुए,
कैसी हैरानी, कैसे अविश्वास से लौटता हुआ भीतर, अपने घर और वहीं पूरा हो गया

पर तुमने धकेला उसे फ़िर से आगे की तरफ़, घसीटा उसे--अपने रक्त को, वेदी की ओर
जैसे घसीटता कोई कातर पशु को बलि के लिए

यही चाहती थी तुम तुम्हे खुशी चाहिए थी--किसी भी तरह, यह सब करके भी

और अंततः तुमने उसे बाध्य कर ही लिया--अपने रक्त को, और वह भी प्रसन्न हो गया,
दौड़ने लगा और समर्पण कर दिया तुम्हारे सम्मुख

मैंने २००५ की गर्मियों में, उन गर्मियों में इसे लिखा था। अंशतः यह अनुवाद है, अंशतः प्रेरणा,
अंशतः सह अनुभूति की उस कविता के साथ जिस पर यह आलम्बित है।
गिरीराज किराडू
About the poet

गिरीराज किराडू

View profile & all 58 Poems / Stories

More from गिरीराज किराडू

  1. सुखांत - गिरिराज किराडू

    तुम यही करोगेअंत में मुझे दंड ख़ुद को पुरस्कार दोगे

    12.4K reads
  2. उम्मीद ला-दवा - गिरिराज किराडू

    कवि होने से थक गया हूँहोने की इस अजब आदत से थक गया हूँ

    12.4K reads
  3. क्या-क्या होना बचा रहेगा - गिरिराज किराडू

    आप शायद जानते हों कि मैं आपके सामने वाले घर में रहती हूँ । आपने अक्सर हमें झगड़ते हुए सुना होगा । हमें आपके घर की शांति इतनी जानलेवा लगती है कि हम झगड़ने लगते हैं । सच मानिये हमारे झगडे की और कोई वज़ह नहीं होती । आपके सिवा झगड़ते हुए हम मुस्कुरा रहे होते हैं । हम अटकल करते हैं कि आप लोग हमारे घर से आ रहे शोर को ध्यान से सुनने की कोशिश कर रहे हैं । मैं कहती हूँ तुम बदल गए हो, वह कहता है तुम बदल गई हो । हम एक दूसरे के कुनबे और कबीले और तहज़ीब और मज़हब को भला-बुरा कहते हैं । बिलकुल ख़राब बातें करते हैं एक दूसरे के बारे में । मैं रोने लगती हूँ वो चीज़ें फेंकने लगता है । एक बार तो उसने मोबाइल दीवार से दे मारा और मैं उस पर ज़ोर से चिल्ला पडी । अगले दिन मैंने भी अपना मोबाइल दीवार पे दे मारा । आपके घर की शांति के चक्कर में अपना नुकसान कर बैठे पर आप लोग हैं कि कभी इधर झाँकते भी नहीं । एक बात साफ़-साफ़ सुन लीजिए रहिए मगन अपने में । आप जैसे लोगों के कारण ही ये दुनिया अब बहुत दिन नहीं बचने वाली ।

    12.4K reads
  4. फ़ैज़ ? - गिरिराज किराडू

    पौधे खरीद रही है । मैं बहुत जले-कटे ढंग से याद दिला रहा हूँ, कैसे उसे उनकी देखभाल करनी नहीं आती, कैसे हर बार पाँच- सात दिन बाद पानी देना भूल जाती हो, कैसे हर बार एक पेड़, एक फूल तुम्हारे हाथों तबाह हो जाता है, कैसे यह तबाही तुम्हें उज़ाड देती है, कैसे यह क़त्ल तुम्हें बहुत दिनों तक गुमसुम रखता है ।लाहौल विला फिर भी ढेर सारे खरीद ही लेती है कमबख़्त । मैं एक पौधा हाथ में ले कर कहता हूँ चलो प्यारे सू-ए-दार चलें वह कुछ जोर देकर याद करती है-- फ़ैज़ ?.

    12.4K reads
  5. पक्षीविदों का कहना है - गिरिराज किराडू

    पक्षीविदों का कहना है यहाँ चौवन तरह के परिंदों ने अपना घर बसा लिया है । सब बड़े मज़े से रहते हैं कबूतरों को घास पर सोते हुए सिर्फ यहीं देखा है मैंने ।कल सुबह इतनी मधुमक्खियाँ मरी हुई थीं । पाँव बचाकर अंदर पहुँचते हुए लगा संहार के किसी दृश्य में हैं मारे गए लोग पड़े हैं चारों तरफ़

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like