हुई राह मुश्किल तो क्या कर चले - गौतम राजरिशी

गौतम राजऋषिगौतम राजऋषि10 Sept 1975

3 min read · 12.4K reads

हुई राह मुश्किल तो क्या कर चले
क़दम-दर-क़दम हौसला कर चले

उबरते रहे हादसों से सदा
गिरे, फिर उठे, मुस्कुरा कर चले

लिखा ज़िंदगी पर फ़साना कभी
कभी मौत पर गुनगुना कर चले

खड़ा हूँ हमेशा से बन कर रदीफ़
वो ख़ुद को मगर काफ़िया कर चले

उन्हें रूठने की है आदत पड़ी
हमारी भी जिद थी, मना कर चले

बनाया, सजाया, सँवारा जिन्हें
वही लोग हमको मिटा कर चले

जो कमबख़्त होता था अपना कभी
उसी दिल को हम आपका कर चले

{द्विमासिक सुख़नवर, जुलाई-अगस्त 2010}
गौतम राजऋषि
About the poet

गौतम राजऋषि

View profile & all 29 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like