रस में डूबा हुआ लहराता बदन क्या कहना - फ़िराक़ गोरखपुरी

फ़िराक़ गोरखपुरीफ़िराक़ गोरखपुरी28 Sept 1896 – 3 Sept 1982

7 min read · 12.4K reads

रस में डूबा हुआ लहराता बदन क्या कहना
करवटें लेती हुई सुब्ह-ए-चमन क्या कहना

निगह-ए-नाज़ में ये पिछले पहर रंग-ए-ख़ुमार
नींद में डूबी हुई चंद्र-किरन क्या कहना

बाग़-ए-जन्नत पे घटा जैसे बरस के खुल जाए
ये सुहानी तिरी ख़ुशबू-ए-बदन क्या कहना

ठहरी ठहरी सी निगाहों में ये वहशत की किरन
चौंके चौंके से ये आहू-ए-ख़ुतन क्या कहना

रूप संगीत ने धारा है बदन का ये रचाव
तुझ पे लहलूट है बे-साख़्ता-पन क्या कहना

जैसे लहराए कोई शोला-कमर की ये लचक
सर-ब-सर आतिश-ए-सय्याल बदन क्या कहना

जिस तरह जल्वा-ए-फ़िर्दोस हवाओं से छिने
पैरहन में तिरे रंगीनी-ए-तन क्या कहना

जल्वा-ओ-पर्दे का ये रंग दम-ए-नज़्ज़ारा
जिस तरह अध-खुले घुँघट में दुल्हन क्या कहना

दम-ए-तक़रीर खिल उठते हैं गुलिस्ताँ क्या क्या
यूँ तो इक ग़ुंचा-ए-नौरस है दहन क्या कहना

दिल के आईने में इस तरह उतरती है निगाह
जैसे पानी में लचक जाए किरन क्या कहना

लहलहाता हुआ ये क़द ये लहकता जोबन
ज़ुल्फ़ सो महकी हुई रातों का बन क्या कहना

तू मोहब्बत का सितारा तो जवानी का सुहाग
हुस्न लौ देता है लाल-ए-यमन क्या कहना

तेरी आवाज़ सवेरा तिरी बातें तड़का
आँखें खुल जाती हैं एजाज़-ए-सुख़न क्या कहना

ज़ुल्फ़-ए-शब-गूँ की चमक पैकर-ए-सीमीं की दमक
दीप-माला है सर-ए-गंग-ओ-जमन क्या कहना

नीलगूँ शबनमी कपड़ों में बदन की ये जोत
जैसे छनती हो सितारों की किरन क्या कहना
 
फ़िराक़ गोरखपुरी
About the poet

फ़िराक़ गोरखपुरी

View profile & all 79 Poems / Stories

More from फ़िराक़ गोरखपुरी

  1. गुले-नग़मा - फ़िराक़ गोरखपुरी

    सिलसिले ख़्वाब के अश्कों से सँवरते कब हैंआज दरिया भी समुंदर में उतरते कब हैं

    12.4K reads
  2. बज्में जिन्दगी रंगे-शायरी - फ़िराक़ गोरखपुरी

    सिलसिले ख़्वाब के अश्कों से सँवरते कब हैंआज दरिया भी समुंदर में उतरते कब हैं

    12.4K reads
  3. सरगम - फ़िराक़ गोरखपुरी

    सिलसिले ख़्वाब के अश्कों से सँवरते कब हैंआज दरिया भी समुंदर में उतरते कब हैं

    12.4K reads
  4. जो बात है हद से बढ़ गयी है - फ़िराक़ गोरखपुरी

    जो बात है हद से बढ़ गयी हैवाएज़[1] के भी कितनी चढ़ गई है

    12.4K reads
  5. उमीदे-मर्ग कब तक - फ़िराक़ गोरखपुरी

    उमीदे-मर्ग कब तक ज़ि‍न्दगी का दर्दे-सर कब तकये माना सब्र करते हैं महब्बत में मगर कब तक

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like