दिल में ठहरा दर्द निगोड़ा कूज़ा-गर
कैसे मोड़ पे तू ने छोड़ा कूज़ा-गर
मैं भी ख़ुद से रूठी रूठी रहती हूँ
जब से तू ने मुख है मोड़ा कूज़ा-गर
अब तो बिखरे बिखरे हैं अज्ज़ा मेरे
जोड़ा था तो क्यूँ-कर तोड़ा कूज़ा-गर
मेरी हस्ती में भी तेरी हस्ती है
मेरा मुझ में कुछ भी न छोड़ा कूज़ा-गर
मैं ने ख़ुद में तेरी याद सजाई है
जब भी तू ने तन्हा छोड़ा कूज़ा-गर
रग रग में अब महशर बरपा रहता है
दुख था पहले भी कब थोड़ा कूज़ा-गर
किस ने मुझ से चेहरा मेरा छीना है
किस ने मेरा ख़ून निचोड़ा कूज़ा-गर








