पानी - फ़रीद खान

फ़रीद खानफ़रीद खान29 Sept 1975

3 min read · 12.4K reads

ख़बर आई है कि कुएँ बंद किए जा रहे हैं,
जहाँ से गुज़रने वाला कोई भी राहगीर,
किसी से भी पानी माँग लिया करता था ।

वैज्ञानिकों के दल ने बताया है,
कि इसमें आयरन की कमी है,
मिनिरलस का अभाव है,
बुखार होने का ख़तरा है ।

अब इस कुएँ के पानी से,
सूर्य को अर्घ्य नहीं दिया जा सकेगा,
उठा देनी पड़ेगी रस्म गुड़ और पानी की ।

सील कर दिए कुएँ,
रोक दी गई सिंचाई ।

सूखी धरती पर,
चिलचिलाती धूप में बैठी,
आँखें मिचमिचाते हुए अम्मा ने बताया,
चेहरे से उतर गया पानी,
नालियों में बह गया पानी,
आँखों का सूख गया पानी,
प्लास्टिक में बिक गया पानी ।
फ़रीद खान
About the poet

फ़रीद खान

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like