सोने हमें कब देती है आवाज़ किसी की
ख़्वाबों में भी दर आई है आवाज़ किसी की
जब दूर जज़ीरों पे कोई जा बसे अपना
लहरों पे सफ़र करती है आवाज़ किसी की
उठते हैं क़दम जब भी किसी दश्त की जानिब
क़दमों को जकड़ लेती है आवाज़ किसी की
ये लोग तमाशाई हैं बस गीत सुनेंगे
क्या उन को जो भर आई है आवाज़ किसी की
आँखों में पलट आती है तस्वीर पराई
मेरे लिए बीनाई है आवाज़ किसी की
सदियों से यहाँ बैठे हैं हम गोश-बर-आवाज़
अब तक तो नहीं आई है आवाज़ किसी की








