चंद यादें कभी ख़ुशियाँ कभी आँसू बन कर
बारहा दिल में चली आती हैं ख़ुशबू बन कर
कितनी ही यादें हैं क्या तुम को बताऊँ ऐ दोस्त
रात में अब भी चली आती हैं जुगनू बन कर
तजरबे ज़ीस्त के वो अपने बताएँगे किसे
ऊँचे पर्बत पे जो जा बैठे हैं साधू बन कर
लोरियाँ माँ की मुझे याद हैं कुछ कुछ 'फ़रहत'
दिल पे छा जाती हैं वो प्यार का जादू बन कर








