आ गया वस्ल में उन को जो पसीना ठंडा
मुझ से बोले कि हुआ अब तो कलेजा ठंडा
शो'ला-ए-दाग़ को आहों से बढ़ा देते हैं
सूरत-ए-शम्अ' वो करते हैं कलेजा ठंडा
मैं जो रोता हूँ तो हँस हँस के ये फ़रमाते हैं
तेरी आहों ने किया मेरा कलेजा ठंडा
ख़ून मुझ पर न हो परवाने जले जाते हैं
कर चराग़-ए-सर-ए-मरक़द को ख़ुदाया ठंडा
बंद बुलबुल की हुईं कुंज-ए-क़फ़स में आँखें
सेहन-ए-गुलशन से जो आया कोई झोंका ठंडा
सर्द नाले जो किए फ़ुर्क़त-ए-गुल में शब को
आह-ए-बुलबुल से हुआ बाग़ का रस्ता ठंडा
सर्द आहें जो भरीं बैठ के साहिल पे कभी
और भी हो गया दरिया का किनारा ठंडा
शम्अ'-रू गर्मियाँ क्यूँकर न करें महफ़िल में
दिल जलें और के उन का हो कलेजा ठंडा
आग दिल में है क़यामत की लगी ऐ जर्राह
आतिशीं दाग़ पे रख दे कोई फाहा ठंडा
वस्ल बे-हिज्र के होता नहीं 'फ़ाख़िर' को नसीब
दिल जलाते हैं तो करते हैं कलेजा ठंडा








