हर शख़्स परेशान है घबराया हुआ है - फ़ैसल अजमी

फ़ैसल अजमीफ़ैसल अजमी

4 min read · 12.4K reads

हर शख़्स परेशान है घबराया हुआ है
महताब बड़ी देर से गहनाया हुआ है

है कोई सख़ी इस की तरफ़ देखने वाला
ये हाथ बड़ी देर से फैलाया हुआ है

हिस्सा है किसी और का इस कार-ए-ज़ियाँ में
सरमाया किसी और का लगवाया हुआ है

साँपों में असा फेंक के अब महव-ए-दुआ हूँ
मालूम है दीमक ने उसे खाया हुआ है

दुनिया के बुझाने से बुझी है न बुझेगी
इस आग की तक़दीर ने दहकाया हुआ है

क्या धूप है जो अब्र के सीने से लगी है
सहरा भी उसे देख के शरमाया हुआ है

इसरार न कर मेरे ख़राबे से चला जा
मुझ पर किसी आसेब का दिल आया हुआ है

तू ख़्वाब-ए-दिगर है तेरी तदफ़ीन कहाँ हो
दिल में तो किसी और को दफ़नाया हुआ है
फ़ैसल अजमी
About the poet

फ़ैसल अजमी

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like