आदतन

डॉ. अजितडॉ. अजित9 Sept 1982

1 min read · 12.4K reads

जल्दी भरोसा करना

मैंने माँ से सीखा

जल्दी ग़ुस्सा करना

मुझे पिता ने सिखाया

चुप रहना मैंने बहन से सीखा

पहली प्रतिस्पर्धा मुझे भाई ने सिखाई

सपने देखने मैंने सीखे

धुर आवारा दोस्तों की सोहबत में

जिनकी बातों की दिलचस्पी

आज भी मरी नहीं मेरे भीतर

प्रेम करना और छला जाना

प्रेम का घोषित पाठ था

जो लिखा था किसी दसवें उपनिषद में

ये स्व-अर्जन स्व-निमंत्रण का परिणाम था

इसलिए प्रेमिका को नहीं कर सकता रेखांकित

इस संयोग के लिए

माता, पिता बहन और भाई की तरह

इतनी कमज़ोरियों के साथ बड़ा हुआ मनुष्य

प्रेम बेहद जल्दी में करता है

भरोसा उसकी गोद से उतरने को रहता है आतुर

उसकी पीठ पर लिखे होते हैं

व्यवहारिक न होने का मंत्र

उसके पास हमेशा रहती शिकायतें

वो रचता है रोज़ अपना एकांत

दुखों का ग्लैमर बचाता है उसका विशिष्टताबोध

वो होता है मेरे जितना चतुर

जो बदल देता है संज्ञा को सर्वनाम में

जैसे मैंने बात ख़ुद से शुरू की

और छोड़ दी उस पर लाकर।

डॉ. अजित
About the poet

डॉ. अजित

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-गद्यकार। मूल नाम : अजित सिंह तोमर जन्म : 09/09/1982 | शामिली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like