तुम्हारे हिस्से की पीड़ा - दीपिका केशरी

दीपिका केशरीदीपिका केशरी27 Sept 1988

5 min read · 12.4K reads

औरतें चावल साफ करते हुए
इतनी ध्यान मग्न होती हैं कि लगता है जैसे
अपने ईश्वर के प्रार्थना में डूबे हुए
अपने ईश्वर से कह रही हो
कि सुनो ईश्वर
तुम्हारे हिस्से के कंकड़ मैं चुन रही हूँ
तुम मेरे हिस्से के कंकड़ चुन लेना,
तुम्हारे होने में से किसी और का होना
फटक कर निकाल रही हूँ
अब जहाँ तुम हो वहाँ बस तुम ही हो !
इतना कहकर साफ चावल का एक दूसरा ढ़ेर बनाती हैं औरतें,
वहीं दूसरी तरफ
ईश्वर मंद मंद मुस्कुराता हुआ सोचता है
कितनी सरल हो तुम
चावल से कंकड़ ऐसे निकाल रही हो
जैसे
जीवन से पीङा चुन कर बाहर निकाल रही हो
कितनी सरल हो तुम
मेरे होने को बनाऐ रखने के लिए कितना जतन करती हो
ये सोचता हुआ ईश्वर
पसीज कर पसीना बन
चावल साफ कर रही औरतों के माथे से आँखों में टपक आता है

आँखें खारी हो जाती है तब ईश्वर का होना
औरत अपने आंचल से पोछ लेती है !
दीपिका केशरी
About the poet

दीपिका केशरी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like