एकलव्य की तरफ़ से - दिनेश कुशवाह

दिनेश कुशवाहदिनेश कुशवाह8 Sept 1961

3 min read · 12.4K reads

ग़ज़ब की राम माया है
ये कैसी धूप छाया है
कि जिनके पास फंदे हैं
उन्हीं के पास दाना है ।

भला क्या भेष धारे है
वे सारा देश तारे हैं
कि उनकी कोठियों और
थालियों में भरा सोना है ।

ये कैसी अग्निदीक्षा है
कठिन कितनी परीक्षा है
कि कोदो की पढ़ाई में
किसी नर का अँगूठा है ।

ये गीता भी उन्हीं की है
गदा-गांडीव जिनके हैं
जो अपने थे वे गूँगे थे
यही तो रोना, रोना है ।

मगर जब बात बोलेगी
तो कितने भेद खोलेगी
तुम्हारा बोलना भी
इस सदी में तंत्र-टोना है ।
दिनेश कुशवाह
About the poet

दिनेश कुशवाह

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like