धुँधभरी सड़क पर
कुत्तों के पहरे में
सफ़ेद काली व्याकुल भेड़ें
आपस में घिरते घिसटते
बूचड़खाने की ओर जा रही हैं
जहाँ दलाल इनका स्वागत करेंगे
इस झुंड की अपनी कोई क़ीमत नहीं है
इसने अपना अस्तित्व अन्य हाथों में सौंप दिया है
घास-फूस चरती
इनकी गर्दनें
ढीली और नीची कब तक रहेंगी?
ये भेड़ें कभी तो मुँह ऊपर उठाएँ
भेड़ियों से भिड़ जाएँ
व्याकुल झुंड
समूह में बदलकर
बूचड़खानों को तबाह कर दें।








