शाम - दो मनःस्थितियाँ - धर्मवीर भारती

धर्मवीर भारतीधर्मवीर भारती25 Sept 1926 – 4 Sept 1997

6 min read · 12.5K reads

एक:

शाम है, मैं उदास हूँ शायद
अजनबी लोग अभी कुछ आयें
देखिए अनछुए हुए सम्पुट
कौन मोती सहेजकर लायें
कौन जाने कि लौटती बेला
कौन-से तार कहाँ छू जायें!

बात कुछ और छेड़िए तब तक
हो दवा ताकि बेकली की भी
द्वार कुछ बन्द, कुछ खुला रखिए
ताकि आहट मिले गली की भी!

देखिए आज कौन आता है
कौन-सी बात नयी कह जाये
या कि बाहर से लौट जाता है
देहरी पर निशान रह जाये
देखिए ये लहर डुबोये, या
सिर्फ़ तटरेख छू के बह जाये!

कूल पर कुछ प्रवाल छूट जायें
या लहर सिर्फ़ फेनवाली हो
अधखिले फूल-सी विनत अंजुली
कौन जाने कि सिर्फ़ खाली हो?

दो:

वक़्त अब बीत गया बादल भी
क्या उदास रंग ले आये
देखिए कुछ हुई है आहट-सी
कौन है? तुम? चलो भले आये!

अजनबी लौट चुके द्वारे से
दर्द फिर लौटकर चले आये
क्या अजब है पुकारिए जितना
अजनबी कौन भला आता है
एक है दर्द वही अपना है
लौट हर बार चला आता है!

अनखिले गीत सब उसी के हैं
अनकही बात भी उसी की है
अनउगे दिन सब उसी के हैं
अनहुई रात भी उसी की है
जीत पहले-पहल मिली थी जो
आखिरी मात भी उसी की है!

एक-सा स्वाद छोड़ जाती है
ज़िन्दगी तृप्त भी व प्यासी भी
लोग आये गये बराबर हैं
शाम गहरा गयी, उदासी भी!
धर्मवीर भारती
About the poet

धर्मवीर भारती

View profile & all 53 Poems / Stories

More from धर्मवीर भारती

  1. ठण्डा लोहा - धर्मवीर भारती

    है कोई संत राम अनुरागी, जाकी सुरति साहब से लागी।अरस परस पिवके संग राती, होय रही पतिबरता।

    12.7K reads
  2. अन्धा युग - धर्मवीर भारती

    है कोई संत राम अनुरागी, जाकी सुरति साहब से लागी।अरस परस पिवके संग राती, होय रही पतिबरता।

    12.6K reads
  3. कनुप्रिया - धर्मवीर भारती

    है कोई संत राम अनुरागी, जाकी सुरति साहब से लागी।अरस परस पिवके संग राती, होय रही पतिबरता।

    12.7K reads
  4. सपना अभी भी - धर्मवीर भारती

    है कोई संत राम अनुरागी, जाकी सुरति साहब से लागी।अरस परस पिवके संग राती, होय रही पतिबरता।

    12.6K reads
  5. आद्यन्त - धर्मवीर भारती

    है कोई संत राम अनुरागी, जाकी सुरति साहब से लागी।अरस परस पिवके संग राती, होय रही पतिबरता।

    12.5K reads

More Poetry & Stories You May Like