दूर देश में किसी विदेशी गगन खंड के नीचे
सोए होगे तुम किरनों के तीरों की शय्या पर
मानवता के तरुण रक्त से लिखा संदेशा पाकर।
मृत्यु देवताओं ने होंगे प्राण तुम्हारे खींचे,
प्राण तुम्हारे धूमकेतु-से चीर गगन पट झीना
जिस दिन पहुँचे होंगे देवलोक की सीमाओं पर
अमर हो गई होगी आसन से मौत मूर्छिता होकर
और फट गया होगा ईश्वर के मरघट का सीना
और देवताओं ने लेकर ध्रुव तारों की टेक—
छिड़के होंगे तुम पर तरुनाई के ख़ूनी फूल
ख़ुद ईश्वर ने चीर अँगूठा अपनी सत्ता भूल
उठ कर स्वयं किया होगा विद्रोही का अभिषेक
किंतु स्वर्ग से असंतुष्ट तुम, यह स्वागत का शोर
धीमे-धीमे जब कि पड़ गया होगा बिल्कुल शांत
और रह गया होगा जब वह स्वर्ग देश
खोल कफ़न ताक़ा होगा तुमने भारत का भोर!








