रधुली नहीं जायेगी स्कूल - चिन्तामणि जोशी

चिन्तामणि जोशीचिन्तामणि जोशी3 Sept 1967

5 min read · 12.4K reads

माँ को बुखार है
खटिया पकड़ी है दो दिन से
गाय ने भी दूध मार दिया है
माँ चिंतित है
राहुल पढ़ने वाला लड़का हुआ
उसके बाबू कैते हैं
इसे इंजीनर बनायेंगे
ये तो कैती है
मैं मेडम बनूंगी
लगे से बचा दूध राहुल के लिए
आज रधुली नहीं पिएगी दूध

कैसे होगा घर का सारा काम
गाय-बच्छी धूप में बांधना
घास-पानी देना
गोबर निकालना
घास काटना
दाल-रोटी बनाना
ये तो मुंह-अंधेरे ही
दूध लेकर निकल जायेंगे
बगड़ पर हाट की ओर
घनियां की दुकान के बाहर
खड़े हो जायेंगे
जुआरियों की जुट के पीछे
दोपहर तक आयेंगे
वैसे राहुल की आज छुट्टी है
उसका स्कूल इंगलिश मीडम हुआ
अब राहुल लड़का हुआ
गोबर भी क्या निकालेगा
एक दो पूली घास तो काटनी ही होगी
कल ही आँसियां कारकर दे गया है कीड़ू ल्वार
बड़ी तेज धार होगी
घास भी क्या काटेगा
कहीं उंगली कट जायेगी
आज रधुली स्कूल नहीं जायेगी।
चिन्तामणि जोशी
About the poet

चिन्तामणि जोशी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like