खड़ी हैं स्त्रियां - चिन्तामणि जोशी

चिन्तामणि जोशीचिन्तामणि जोशी3 Sept 1967

5 min read · 12.4K reads

पहाड़ जांच रहा है
अपनों की जिजीविषा
परख रहा है
अपने से अपनत्व
बदल रहा है रंग
दरक रहा है
धधक रहा है
बुला रहा है
तबाही के बादलों को
घटा रहा है
अपने सीढ़ीनुमा खेतों की उर्वरा
सुखा रहा है
फलदार पेड़ों की प्रजातियां
भेज रहा है
जंगलों से जानवरों के झुंड
आबादी में
पुरुष हार रहा है
भाग रहा है
लेकिन अभी भी
फाड़ रही हैं
जंगली भालू के जबड़े को
अपने होंसले-हंसिये से
दिखती हैं
भीमल, खड़क, बांज के पेड़ों पर
धान, मड़वा, चींणा के खेतों में
स्त्रियां
स्त्रियां
अभी भी जातीं हैं समूह में
लाती हैं-चारा बटोर कर
अपने डंगरों के लिए
कांठों की जिबाली और
चढ़ती उतरती ढलानों पर जिन्दा
जंगलों से

स्त्रियां
अभी भी खड़ी हैं
पलायन के पहाड़ के सम्मुख
सीना तान कर

जब तक खड़ी हैं स्त्रियां
तब तक खड़ा है पहाड़।
चिन्तामणि जोशी
About the poet

चिन्तामणि जोशी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like