प्रतिश्रुति

चिंतामणि बेहेराचिंतामणि बेहेरा

1 min read · 12.4K reads

आज मध्य रात्रि के अंधकार में जिस शिशु ने जन्म लिया है

कातर करुण कंठ से वह माँगता है मुझसे प्रतिश्रुति

स्वार्थ का तीक्ष्ण कटार कम्र कंठ पर न लगने के लिए

यात्रा के हेतु अँधेरे पथ को परिष्कृत करने के लिए

ललाट पर ईर्ष्या, घृणा और अविश्वास की कालिमा न लगने के लिए

मनुष्य के यात्रा-पथ में मुक्ति-प्रीति के गीत गाने के लिए

उसका सविनय कंठ बार-बार प्रतिश्रुति माँगता है

कभी हमारा यह मानव-शिशु असहाय मौन कंठ एव

निर्वाक् प्रदीप्त नेत्रों से अपना दृढ़ दावा उपस्थापित करता है

मैत्री और विश्वास के अमृत बंधन से उसे बाँधने के लिए

मानव के पूर्ण अधिकार की रक्षा के लिए

जाओ मत सहयात्री आज मनुष्य की पुकार सुनो

इस धरती पर एक शिशु प्रतिश्रुति माँग रहा है

प्रत्येक मानव के शांति-स्वस्ति दावे के लिए

मनुष्य का चोला पहनकर जहाँ खेलता हिंसावाद

वह चाहता है प्रतिश्रुति पशुत्व और देवत्व के अभिनय के अंत के लिए

जो आज विश्व में हो रहा है;

वह नहीं चाहता मनुष्य का यह अमानवी वेश

मानव के प्राणो में मानव-बंशी के स्वर गूँजने दो

प्रतिश्रुति दो उसके अंग में रक्त के छींटें नहीं पड़ेंगे

मानव शिशु जीवित रहेगा मनुष्य का अधिकार लेकर

हरित आकाश के नीचे मानवता का यह अंकुर

मुक्ति, प्रीति एवं मैत्री के गीत गाकर नवीन तेज़ से बढ़ उठेगा।

चिंतामणि बेहेरा
About the poet

चिंतामणि बेहेरा

आधुनिक ओड़िया कवि और समालोचक।

View profile & all 3 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like