टिड्डी-दल के घेरों से
मनुष्य-फूल को बचाना होगा
बचानी पड़ेगी मानवता की फसल
मनुष्य का सूर्यमुखी मन
सस्मित और सुविमल शस्य
आज आकाश-प्रांतर में
जीवन के सब्ज़ बंदरगाह में
हरित केदार में और मनुष्य के आलोक मंदिर में
उसी टिड्डी-दल ने फैलाए हैंअपने ध्वंसकारी पंख, और
लहू चूसने के लिए खोला है अपना मुख
टिड्डी-दल के विनाश के हेतु
किया है खेत-मिट्टी ने आयोजन
मिट्टी का मनुष्य अगर चाहता है बचना इस मिट्टी पर
यदि चाहता है मानव-समाज अपने अस्तित्व की रक्षा
करके मनुष्य का जय-गान
उगाकर इस धरती में फसल
प्राण में भरकर
अग्नि-कण, मानवता, मुक्ति और ऐक्य-भाव
तो मारने को टिड्डी-दल आज
हे सखा, शीघ्र आयोजन करो।
टिड्डियों का वंश निर्मूल करना पड़ेगा
निर्मूल करना पड़ेगा लहलहाते हुए खेतों के शत्रु को
देश-देश में इस विश्व के विस्तीर्ण आकाश में।
तब तो आएगी मुक्ति
धरती के आलोक में, वायु में
मुक्त होगी मानव-फसल
विकसित होगा सारे विश्व में
सूर्यमुखी जीवन का फूल।








