सहो, अमर कवि, अत्याचार सहो जीवन के,
सहो धरा के कंटक, निष्ठुर वज्र गगन के!
कुपित देवता हैं तुम पर, हे कवि, गा-गा कर
क्योंकि अमर करते तुम सुख-दुख मर्त्य भुवन के!
कुपित दास हैं तुम पर, क्योंकि न तुमने अपना
शीश झुकाया, तुमने राग मुक्ति का गाया!
निर्धनता को सहो, तुम्हारी यह निर्धनता
एकमात्र निधि होगी कभी देश, जीवन की!








