अपने असंख्य वर्षों के बारे में
चुप ही रहेगी पृथ्वी
पर मेरे छप्पन वर्षों के बाद
उगा यह तबाही से ख़तरनाक हुआ वर्ष
मनहूस दस्तावेज़ की तरह
फड़फड़ाता ही रहेगा
बची-खुची ज़िंदगी की छाती पर
इतनी बर्बरता और इतनी जल्दी और इतनी फुर्ती से
कौन थे उन्मत्त घोड़ों पर सवार
जिनकी दहलाती टापों ने रौंद दिए
बच्चों के भविष्य के घरौंदे
भूकंप के बाद
खड़े होने लगते हैं घर
तूफ़ान के बाद
जाल और डोंगियाँ सुधारने लगते हैं
मछुए और मल्लाह
पर इस मलबे में दबकर
क्षत-विक्षत हुए ईश्वर को
शायद ही जोड़ पाऊँगा मैं।








