उस दिन हर सूरज उगेगा
और मैं अपने को और अधिक नहीं जानूँगा,
कच्चे बादल-सा तकिया
पिघलते बर्फ़-सा बिस्तर
कितने अनंत सिमट आएँगे आँखों में
सिर्फ़ अंतिम बार देख लेने के लिए
ठूँठे नीम पर टिके नंगे आसमान को
एक क्षण के लिए सब कुछ बेहद उजाला हो जाएगा
और एक अंतहीन सड़क का सिलसिला
आँखों में उतरता जाएगा
और जब गुलमोहर के नीचे गुलाबी साड़ी में रोती हुई
लड़की का दृश्य आकर आँखों में अटक जाएगा
तब मुझ पर अपनी कविताओं के
चिंदे बरसने लगेंगे
और मैं आँसू की बूँद भाप बन जाऊँगा...
समुद्र प्रार्थना-सा बिछा रह जाएगा
मैदानों के कलेजे सुन्न पड़ जाएँगे
सिर्फ़ जलते रहेंगे पहाड़
और उनमें उठती हुई लपटों की परछाईं
पृथ्वी पर छा जाएगी...








