अब तो उड़ती हुई रेत है

चंद्रकांत देवतालेचंद्रकांत देवताले7 Nov 1936 – 14 Aug 2017

1 min read · 12.4K reads

माँ ने मुझे जन्म दिया

और जीवन के सुपुर्द कर दिया

पिता ने शब्द दिए

और सड़क पर छोड़कर

आकाश की तरफ़ देखने लगे

मैंने अपने को कविता के हवाले किया

पिता आकाश में क्या ढूँढ़ रहे सोचते

हवा की सीढ़ी पर चढ़ने लगे

कानों में आवाज़ आई

माँ की थी

धरती पर! धरती पर ढूँढ़ो

दुख की जड़ें यहीं हैं

जिससे घबराए बाप तुम्हारे

तकते हैं आसमान

तो उतरने लगा नीचे

दरारों और पत्थरों वाली धरती पर पाँव रखते ही

सुना मैंने सीढ़ी मत गिरना

सीढ़ी मत गिरना

धरती ही की फुसफुसाहट थी

जब माँस चढ़ जाएगा मेरी हड्डियों पर

गाने लग जाएँगी मेरी बेटियाँ

नहीं होंगे ये तंबू, ये गुंबद ज़ुल्म-ज़्यादती के

तक काम आएँगी ये सीढ़ियाँ

अपनी माँ की दुनिया के आगे भी है नक्षत्रों की सुंदर दुनिया

अब मेरी दाढ़ी सफ़ेद हो चुकी है

मैं एक गंजा कवि

नाराज़ कुत्ते की तरह सूँघता-भौंकता रहता हूँ

सांसत घर पुराने जैसे नहीं रहा

बहुत भव्य है और उतना ही पुख़्ता

पर वैसी ही चीख़ें, वैसी ही सिसकियाँ

अँधेरा पहले से भी तेज़ रोशनी में घना

कब से पन्ने चिपका रहा हूँ

पाट रहा हूँ दरारें

सी रहा हूँ उधड़ी हुई कथड़ी

बीच-बीच में टोहता रहता हूँ

कहीं खिसक तो नहीं गई वह सीढ़ी

खड़ी है शान से अब भी

जैसे चुनौती देती प्रतीक्षा करती

पर मैं तो नहीं

मैं कैसे चढ़ पाऊँगा

मुझसे नहीं हुआ कुछ भी

बीत गई आधी सदी

नदी सूख गई बचपन की

अब तो उड़ती हुई रेत है

और थकी हुई आँखें इतना ही।

चंद्रकांत देवताले
About the poet

चंद्रकांत देवताले

सातवें दशक के समादृत कवि। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : चंद्रकांत देवताले जन्म : 07/11/1936 | बैतूल, मध्य प्रदेश निधन : 14/08/2017 | इंदौर, मध्य प्रदेश समकालीन हिंदी कविता के प्रमुख कवि चंद्रकांत देवताले का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में 7 न…

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like